हल्द्वानी में अजीबोगरीब चोरी! महिलाओं के कपड़े चुराने वाला चोर CCTV में कैद, लोग हैरान

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी शहर से चोरी का एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात युवक घर में घुसकर महिलाओं के कपड़े चोरी कर ले गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग हैरानी जता रहे हैं।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-9 आनंदपुरी महेशनगर क्षेत्र में शनिवार तड़के करीब 3:22 बजे एक युवक घर की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुआ। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि युवक बिना किसी डर के घर के बाहर सूख रहे कपड़ों को समेटता है और उन्हें लेकर मौके से फरार हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी हुए कपड़ों में अधिकांश महिलाओं के वस्त्र शामिल हैं।

घटना सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति रात के समय बेखौफ होकर घरों में घुस सकता है तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही है और लोग इस अनोखी चोरी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

कोतवाल डी.एस. फर्त्याल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।