हल्द्वानी में बिजली चोरी पर सख्त रुख, 87% लाइन लॉस पर आयुक्त दीपक रावत नाराज, एफआईआर और स्मार्ट मीटर के निर्देश
हल्द्वानी। नगर क्षेत्र में बढ़ते बिजली लाइन लॉस और विद्युत चोरी को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। आजादनगर विद्युत फीडर में 87 प्रतिशत और गांधीनगर फीडर में 70 प्रतिशत लाइन लॉस सामने आने पर आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ बिना ढिलाई के कड़ी कार्रवाई की जाए और दोषियों पर एफआईआर दर्ज कराई जाए।
मंगलवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि विद्युत चोरी रोकने के लिए विभागीय और विजिलेंस टीमों को सक्रिय करते हुए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए। प्रशासन की ओर से टीमों को हर तरह की सुरक्षा और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कार्रवाई में कोई बाधा न आए।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में लाइन लॉस अत्यधिक है, वहां लंबे समय से तैनात लाइनमैनों का तत्काल अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रों के लाइनमैनों की भी जवाबदेही तय की जाएगी। इसके अलावा कांटा डालकर या अन्य अवैध तरीकों से बिजली लेने वालों के खिलाफ समय-समय पर छापेमारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाने को प्राथमिकता दी जाए, जिससे बिजली चोरी पर अंकुश लगे और वास्तविक खपत का सही आकलन हो सके। उन्होंने कहा कि लाइन लॉस कम करना विद्युत विभाग का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए, ताकि ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिल सके और राजस्व नुकसान रोका जा सके।
बैठक में विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता आरसी गुंज्याल ने जानकारी दी कि हल्द्वानी क्षेत्र में सर्वाधिक लाइन लॉस आजादनगर और गांधीनगर फीडर में दर्ज किया गया है। इस पर आयुक्त ने तत्काल ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में विद्युत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार