हल्दूचौड़ में दर्दनाक हादसा: डंपर की टक्कर से 14 वर्षीय किशोरी की मौत, पिता घायल

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। हल्दूचौड़ पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर गायत्री शक्तिपीठ के पास गुरुवार को हुए सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे डंपर ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। घायल पिता की हालत स्थिर बताई जा रही है।

मृतका की पहचान प्रेरणा (14) पुत्री सुरेंद्र कुमार, निवासी खाद गोदाम, नहर के पार, बंडिया, किच्छा के रूप में हुई है। हादसे में उसके पिता सुरेंद्र कुमार (42) पुत्र हेतराम घायल हुए हैं।

बताया गया कि सुरेंद्र कुमार अपनी बेटी प्रेरणा के साथ दोपहिया वाहन से हल्द्वानी से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गायत्री शक्तिपीठ के पास पीछे से आए डंपर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्री सड़क पर जा गिरे।

हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण प्रेरणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र कुमार घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।