उत्तराखंड: भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बाद दो जिलों में स्कूल बंद, कक्षा 1 से 12 तक छुट्टी; आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद
नैनीताल/रुद्रपुर। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के बीच छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है। नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों में 9 जुलाई 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान में 9 जुलाई को प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। नैनीताल जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहीं-कहीं गर्जन-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश के बेहद तीव्र दौर की भी आशंका जताई है।
नैनीताल में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 9 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
प्रशासन के अनुसार, जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों का जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है। संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और मार्ग बाधित होने का खतरा भी बना हुआ है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
ऊधम सिंह नगर में भी स्कूलों की छुट्टी
वहीं, ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने भी मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए 9 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश घोषित कर दिया है। सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश के चलते जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियातन अवकाश का फैसला लिया गया है।
आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई
दोनों जिलों में संबंधित विभागों और अधिकारियों को अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। ऊधम सिंह नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों और संस्थानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।


एक हादसा… दो दोस्तों की मौत! सिद्धार्थ के बाद 5 दिन जिंदगी से जंग लड़कर अयान ने भी तोड़ा दम
बिंदुखत्ता में धड़ल्ले से चल रहा नशे का कारोबार! पुलिस ने चरस और अवैध शराब के साथ दो को दबोचा
आज का राशिफल (08 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!