(बड़ी खबर) देहरादून: धामी कैबिनेट की बैठक संपन्न, उपनल कर्मचारियों समेत कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की शुरुआत शोक प्रस्ताव के साथ हुई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी. खंडूरी और मशहूर शूटर और पद्मश्री सम्मानित निशानेबाज जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कैबिनेट ने उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने को मंजूरी प्रदान की। वहीं उपनल कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुहर लगाते हुए “समान कार्य-समान वेतन” के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी गई, जिससे हजारों कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।

बैठक में आबकारी नियमावली में संशोधन कर वेट और सेस पर लगने वाले दोहरे कर को समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा कृषि विभाग के सेलाकुई स्थित सगंध पौधा केंद्र में परफ्यूम परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने को मंजूरी दी गई।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हिमालय कार रैली आयोजन को भी स्वीकृति दी गई, जिसमें 25 देशों के प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं चारधाम यात्रा में उपयोग होने वाले पशुओं के बीमा प्रीमियम का 20 प्रतिशत हिस्सा सरकार वहन करेगी, जिस पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

कैबिनेट ने राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को हाल की भर्तियों में लागू करने तथा कारागार नियमावली एवं सेवा नियमावली में संशोधन को भी मंजूरी दी। इसके अलावा पशुपालन विभाग की कृत्रिम गर्भाधान योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में हरी झंडी दी गई।

कैबिनेट के प्रमुख फैसले:
✔ उपनल कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन की मंजूरी
✔ उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने की स्वीकृति
✔ आबकारी नियमावली में संशोधन, दोहरा टैक्स खत्म
✔ हिमालय कार रैली आयोजन को मंजूरी
✔ राज्य आंदोलनकारियों के 10% क्षैतिज आरक्षण को लागू करने का निर्णय
✔ चारधाम यात्रा में पशुओं के बीमा पर 20% सरकारी सहायता
✔ सगंध पौधा केंद्र सेलाकुई में परफ्यूम परीक्षण लैब स्थापित होगी
✔ कृत्रिम गर्भाधान योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मंजूरी