(बड़ी खबर) श्रमिकों को धामी सरकार की बड़ी सौगात! 4400 से अधिक लाभार्थियों के खातों में भेजे गए 11 करोड़ रुपये

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में यह धनराशि विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा तथा शिक्षा सहायता योजनाओं के अंतर्गत एक क्लिक के माध्यम से जारी की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित करने और श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट ही आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन तथा जीवनोपयोगी सामग्री के वितरण के लिए नियमित रूप से शिविर लगाए जाएं। उन्होंने योजनाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक पात्र श्रमिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।