बड़ी खबर: उत्तराखंड में आंगनबाड़ी भर्ती का इंतजार खत्म! आवेदन प्रक्रिया शुरू, 12वीं पास महिलाओं के लिए सुनहरा मौका
देहरादून। उत्तराखंड की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती और सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक महिला अभ्यर्थी 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ती को ₹9,300 प्रतिमाह तथा आंगनबाड़ी सहायिका को ₹5,250 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। आवेदन केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट wecduk.in के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं) पास निर्धारित की गई है। केवल महिला अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित राजस्व ग्राम और शहरी क्षेत्रों में संबंधित वार्ड की स्थायी निवासी महिलाओं को ही आवेदन का पात्र माना जाएगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन 30 जून 2026 को सुबह 12 बजे से शुरू होंगे और 29 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे। अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन या संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं की अंकतालिका, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल (ग्रामीण क्षेत्र), वोटर आईडी या राशन कार्ड (शहरी क्षेत्र), आरक्षण प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
विभाग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित सभी नियम, पात्रता और दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है। भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और नजदीकी बाल विकास परियोजना कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।


नैनीताल आंचल दुग्ध संघ में हरिश्चंद्र अवस्थी को भावभीनी विदाई, 39 वर्षों की सेवाओं को किया याद
आज का राशिफल (30 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!