उत्तराखंड: यहां 14 लाख की दिनदहाड़े लूट का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; डेढ़ लाख रुपये बरामद, चार की तलाश जारी

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट की वारदात से पुलिस महकमे में मचे हड़कंप के बीच दून पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के इंद्रेश अस्पताल के पास हुई इस वारदात में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। हालांकि, लूट की बाकी रकम और फरार चार आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को राजेश कुमार सोनी निवासी हरिपुर कलां, मोतीचूर ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि प्लॉट के सौदे के सिलसिले में वह दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लेकर अपने साथियों के साथ वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास पीछे से एक्टिवा और बाइकों पर सवार होकर आए करीब चार से पांच युवकों ने उनका वाहन रोक लिया।

आरोपियों ने वाहन में सवार लोगों के साथ मारपीट की और पीछे की सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें 👉  आज का राशिफल (09 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!

परिचित से मिली नकदी की जानकारी, फिर रची लूट की साजिश

पुलिस की जांच में सामने आया कि लूट की वारदात के पीछे सुनियोजित साजिश थी। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि दिनेश तिवारी उनका परिचित था। उन्हें जानकारी मिली थी कि दिनेश तिवारी प्लॉट के सौदे के सिलसिले में भारी मात्रा में नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहा है।

इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना तैयार की। जल्द पैसा कमाने के लालच में आरोपियों ने 7 नवंबर को वारदात को अंजाम दिया और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने दी दीपावली की बधाई, हर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

अल्का डेयरी के रास्ते से तीन आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान पुलिस टीम ने अल्का डेयरी से मेहूवाला की ओर जाने वाले रास्ते से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

चार आरोपी अब भी फरार, बाकी रकम की तलाश

पुलिस के मुताबिक, इस लूटकांड में कुल सात आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही लूटी गई शेष रकम बरामद करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  दीपावली पर कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल का संदेश, लालकुआं की खुशहाली और विकास की कामना

इन पुलिसकर्मियों ने किया खुलासा

लूट की वारदात का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह तथा कांस्टेबल पंकज कुमार, गौरव कुमार, सूरज राणा और संदीप कुमार शामिल रहे।

महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटकांड का खुलासा करना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता है। हालांकि, पुलिस के सामने अब फरार चार आरोपियों को पकड़ने और बाकी रकम बरामद करने की चुनौती बनी हुई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad