उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका: UKSSSC ने जारी किया 2026 भर्ती कैलेंडर, 2300 से अधिक पदों पर होगी भर्ती
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न समूह ‘ग’ पदों की भर्ती परीक्षाओं का प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी कैलेंडर के अनुसार राज्य के विभिन्न विभागों में 2300 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। भर्ती कार्यक्रम जारी होने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह बढ़ गया है।
आयोग द्वारा जारी प्रस्तावित कार्यक्रम में वाहन चालक, सहायक लेखाकार, पशुधन प्रसार अधिकारी, सामान्य इंटर स्तरीय, स्नातक स्तरीय, आईटीआई/डिप्लोमा, विज्ञान एवं विशिष्ट अर्हता से जुड़े कई पद शामिल किए गए हैं। आयोग ने अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं के विज्ञापन जारी करने और परीक्षा आयोजन की संभावित तिथियां भी तय कर दी हैं।
कार्यक्रम के अनुसार स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा 14 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं सहायक लेखाकार भर्ती परीक्षा 23 अगस्त 2026 को प्रस्तावित है। सामान्य इंटर स्तरीय भर्ती परीक्षा, जिसमें कनिष्ठ सहायक समेत अन्य पद शामिल हैं, 04 अक्टूबर 2026 को आयोजित कराई जाएगी।
इसके अलावा वन विकास निगम में स्केलर पदों, वन आरक्षी, पुलिस आरक्षी और स्पेशल टाइगर गार्ड जैसे पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा नवंबर 2026 से शुरू होगी। आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी शुरू कर दी है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सभी रिक्तियां और परीक्षा तिथियां अनंतिम हैं। विभागों से प्राप्त अधियाचन के आधार पर पदों की संख्या में बदलाव संभव है। साथ ही अपरिहार्य परिस्थितियों में विज्ञापन और परीक्षा तिथियों में संशोधन भी किया जा सकता है। उम्मीदवारों को आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर; 17वें दिन पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़
लालकुआं में गरमाई सियासत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग; कांग्रेसियों ने दी तहरीर
(खुलासा): नई कार खरीदने के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, पड़ोसी के घर से चुराया 15 लाख का सोना
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!