उत्तराखंड: जागेश्वर धाम पहुंचे सीएम धामी, 76.78 करोड़ की 6 योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास — बोले, ‘जागेश्वर हमारी आस्था का केंद्र है’

ख़बर शेयर करें 👉

जागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध तीर्थस्थल जागेश्वर धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 76.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एवं स्वीकृत 6 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

लोकार्पण की गई योजनाओं में दन्या से आरा सल्पड़ मोटर मार्ग का सुधारीकरण, चायखान से थुआसिमल मोटर मार्ग का सुधार कार्य, और सत्यों में 33/11 केवी उप संस्थान का निर्माण शामिल हैं। वहीं, मुख्यमंत्री ने राजकीय पॉलीटेक्निक सल्ट एवं दन्या में अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों तथा राजकीय पॉलीटेक्निक द्वाराहाट में मैकेनिकल भवन निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर जागेश्वर धाम परिसर का पैदल भ्रमण और निरीक्षण किया तथा जागेश्वर धाम मास्टरप्लान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

यह भी पढ़ें 👉  श्रीमद देवी भागवत महाज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन भक्तिरस में डूबा बिंदुखत्ता, माँ भगवती को बताया प्रेम का सागर

सीएम धामी ने कहा, “जागेश्वर हमारी आस्था और विश्वास का केंद्र है, इसे दिव्य और भव्य स्वरूप दिया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें।”

यह भी पढ़ें 👉  खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धाम की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना जरूरी है। उन्होंने वृद्ध जागेश्वर को भी समान रूप से विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि इन दोनों स्थलों के पौराणिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को संरक्षित किया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  आज का राशिफल (08 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!

सीएम धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जागेश्वर धाम न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी वैश्विक पहचान प्राप्त करे। उन्होंने विश्वास जताया कि धाम का समग्र विकास स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर लेकर आएगा।

इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।