उत्तराखंड: इंडेन गैस एजेंसी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी, पुलिस ने जारी की चेतावनी
रुद्रपुर। इंटरनेट मीडिया और व्हाट्सएप पर इंडेन एलपीजी वितरक चयन के नाम पर प्रसारित हो रहे फर्जी विज्ञापनों को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे किसी भी पत्र या विज्ञापन पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है, क्योंकि साइबर ठग लोगों को डीलरशिप दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर रहे हैं।
साइबर अपराधियों का तरीका बेहद सुनियोजित है। पहले पंजीकरण के नाम पर 31,500 रुपये मांगे जाते हैं। इसके बाद भरोसा दिलाया जाता है कि कंपनी की ओर से 30 लाख रुपये लाइसेंस के लिए और डिलीवरी वाहन व कार्यालय के लिए छह लाख रुपये दिए जाएंगे। इतना ही नहीं, उज्ज्वला योजना के तहत 25 वर्षों तक हर महीने 10 हजार रुपये देने का भी झांसा दिया जा रहा है, ताकि लोग आसानी से जाल में फंस जाएं।
पुलिस के अनुसार इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप में इंडेन एलपीजी डीलरशिप आवंटन के नाम से प्रसारित हो रहे पत्र पूरी तरह फर्जी हैं। इस तरह के संदेशों का उद्देश्य लोगों की जीवन भर की जमा पूंजी ठगना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने साइबर सेल और थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं कि इंटरनेट मीडिया पर नजर रखी जाए और शिविर लगाकर लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अधिकतर काम ऑनलाइन होने से साइबर ठग नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऑनलाइन खरीददारी, नेट बैंकिंग, केवाईसी अपडेट, फर्जी हेल्पलाइन, फेसबुक पर महिला बनकर दोस्ती और व्हाट्सएप हैकिंग जैसे मामलों के बाद अब एलपीजी डीलरशिप के नाम पर ठगी शुरू की गई है।
पुलिस ने अपील की है कि किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित विभाग से सत्यापन अवश्य करें। यदि किसी के साथ ठगी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है, इसलिए किसी भी संदिग्ध विज्ञापन या पत्र पर आंख बंद कर भरोसा न करें।


आज का राशिफल (22 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!