उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर तेज हो गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन तंत्र की चेतावनी के बीच 2 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए चार जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला लिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिसके चलते इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
चार जिलों में कल स्कूलों की छुट्टी
बारिश और खराब मौसम के बीच बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और उत्तरकाशी में 2 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में इन चार जिलों के अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण अपडेट है।
नैनीताल-अल्मोड़ा में पहले ही रेड अलर्ट
मौसम की स्थिति को देखते हुए नैनीताल और अल्मोड़ा के कई क्षेत्रों में रेड अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश के साथ गर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।
रेड अलर्ट वाले संभावित क्षेत्रों में चौखुटिया, भिकियासैंण, रानीखेत, भनोली, कटारमल, जैती, रामनगर, भीमताल, हल्द्वानी, मुक्तेश्वर, कोटाबाग, भवाली और द्वाराहाट समेत आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
नदी-नालों और पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ा खतरा
लगातार बारिश के चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर और बहाव बढ़ने की आशंका है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से की ये अपील
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों, बरसाती नदियों तथा तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।
अगले 24 घंटे उत्तराखंड के लिए मौसम की दृष्टि से बेहद अहम हैं। बारिश के साथ भूस्खलन और जलभराव जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे में प्रशासन की ओर से जारी मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखना और सुरक्षा निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत
आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!