उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने बस को मारी टक्कर, एक महिला की मौत, 31यात्री घायल
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने यात्रियों से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस सड़क पर पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद हादसे की भयावहता साफ नजर आ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस सड़क किनारे बैक की जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आए डंपर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बोलेरो भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि ढाबे में उस समय कोई मौजूद नहीं था।
जानकारी के मुताबिक बस में 45 यात्री सवार थे। हादसे में राजस्थान के नागौर निवासी एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 24 महिलाएं, 5 पुरुष और 2 बच्चे समेत कुल 31 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया था।
पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


हल्द्वानी में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अब पुल निर्माण की राह होगी आसान
आज का राशिफल (01 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
1 जून से बदल जाएंगे ये बड़े नियम! आपकी जेब, बैंक खाते और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा सीधा असर