उत्तराखंड पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकल माफिया हाकम सिंह और सहयोगी पंकज गौड़ गिरफ्तार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्त नकल विरोधी कानून के तहत उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नकल माफिया हाकम सिंह और उसके सहयोगी पंकज गौड़ को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की मांग कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा में सफलता दिलाने का प्रलोभन देकर अभ्यर्थियों से 12 से 15 लाख रुपये तक की मांग कर रहे थे। योजना यह थी कि यदि परीक्षार्थी स्वतः चयनित हो जाते तो आरोपी रकम हड़प लेते और असफल होने पर भविष्य की परीक्षाओं में पैसे “एडजस्ट” करने का बहाना बनाकर उन्हें झांसे में रखते।
देहरादून पुलिस और एसटीएफ ने संदिग्धों पर नजर रखी। इसी दौरान सूचना मिली कि यह गिरोह परीक्षा में धोखाधड़ी की योजना बना रहा है। जांच में सामने आया कि पंकज गौड़, हाकम सिंह के संपर्क में है और अभ्यर्थियों से रुपये की मांग कर रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों को पटेल नगर क्षेत्र से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाकम सिंह (42 वर्ष), पुत्र केदार सिंह, निवासी ग्राम निवाड़ी, थाना मोरी, जनपद उत्तरकाशी और पंकज गौड़ (32 वर्ष), पुत्र केशवानंद गौड़, निवासी ग्राम कंडारी, ब्लॉक नौगांव, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ कोतवाली पटेल नगर में उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं उपाय) अध्यादेश 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि आरोपियों की साजिश परीक्षा की सुचिता और गोपनीयता को प्रभावित करने वाली नहीं थी।


हल्द्वानी में इंसानियत शर्मसार? जहरखुरानी का शिकार युवक को बस से उतार सड़क पर छोड़ने का आरोप, वीडियो वायरल
हल्द्वानी में ज्वैलर्स पर करोड़ों की ठगी का आरोप: सोना-नकदी लेकर फरार हुआ सुनार, एसएसपी ने गठित की संयुक्त टीम
हल्द्वानी-रामनगर में मंगलसूत्र लूट का खुलासा: शातिर आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार