उत्तराखंड शासन में बड़ा फेरबदल! 6 अधिकारियों के विभाग बदले, गृह-राजस्व से लेकर कृषि और आवास तक नई जिम्मेदारियां
देहरादून, 26 अगस्त 2026। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छह अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग की ओर से 25 अगस्त को जारी आदेश के तहत तीन आईएएस, एक पीसीएस और सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
शासन के आदेश के अनुसार आईएएस विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव, गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह अब तक अपर सचिव-आयुष एवं आयुष शिक्षा, निर्वाचन, स्टाफ ऑफिसर-मुख्य सचिव और अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी अन्य वर्तमान जिम्मेदारियां पूर्ववत रहेंगी।
आईएएस डॉ. आनंद श्रीवास्तव को अपर सचिव, नागरिक उड्डयन तथा महानिदेशक, कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी दी गई है। वह अब तक अपर सचिव, राजस्व तथा कृषि एवं कृषक कल्याण के पद पर तैनात थे। आदेश के तहत उन्हें अपर सचिव, राजस्व विभाग की जिम्मेदारी से कार्यमुक्त किया गया है।
आईएएस विनोद गिरी गोस्वामी की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। उन्हें अपर सचिव, आवास विभाग के पद से कार्यमुक्त किया गया है, जबकि शहरी विकास निदेशालय के निदेशक और भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी समेत अन्य जिम्मेदारियां पूर्ववत रहेंगी।
पीसीएस अधिकारी की भी बदली जिम्मेदारी
पीसीएस अधिकारी सुंदर लाल सेमवाल को अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग के पद से कार्यमुक्त किया गया है। वह सचिवालय प्रशासन विभाग, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम तथा आयुक्त, दिव्यांगजन की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
वहीं सचिवालय सेवा के अधिकारी सुनील सिंह को अपर सचिव, गृह विभाग की जिम्मेदारी से हटाकर अपर सचिव, आवास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह अपर सचिव, राजस्व एवं गृह विभाग के पद पर तैनात थे।
सचिवालय सेवा की अधिकारी महिमा रैकली, जो वर्तमान में बाध्य प्रतीक्षा में थीं, को अब अपर सचिव, राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश
शासन ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों वाले विभागों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद इसकी सूचना और संबंधित दस्तावेज कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
प्रशासनिक स्तर पर हुए इस फेरबदल में गृह, राजस्व, आवास, नागरिक उड्डयन, कृषि एवं उद्यान और सैनिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियों का पुनर्संयोजन किया गया है। इसे शासन स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।


संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (26 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: प्रेमी की मौत के बाद 16 वर्षीय किशोरी ने भी उठाया खौफनाक कदम, कोठी के कमरे में मिला शव
बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम की मांग पर 12वें दिन भी पदयात्रा जारी; विधायक के आरोपों पर वन अधिकार संगठन का पलटवार
आज का राशिफल (25 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!