हाथों में तस्वीर, मां की सौगंध और बड़ा दावा… हरीश रावत ने आरोपों पर दिया जवाब,… VIDEO

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई और उनसे जुड़े आरोपों के बीच उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भावुक बयान जारी कर अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया है। रावत ने मां और उत्तराखंड की धरती की सौगंध लेते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी को नौकरी देने या राजनीतिक पद दिलाने के बदले पैसे नहीं लिए।

रावत ने कहा कि उन्होंने नौकरी देने के बदले किसी से एक पैसा लेना तो दूर, चाय-पानी तक नहीं लिया। उन्होंने अपने बयान में कहा कि उनके खिलाफ कलंक लगाने का प्रयास किया जा रहा है और वह इस कलंक के साथ नहीं जाना चाहते।

उन्होंने कहा कि वह अपनी सफाई के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करेंगे और जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेंगे। रावत ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ पहले भी आरोप लगाए गए, लेकिन उनके अनुसार उन आरोपों के कोई साक्ष्य सामने नहीं आए।

यह बयान उस समय आया है जब हाल में ED ने 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रावत के पूर्व सहयोगी चंदन सिंह जीना से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की थी। ED की जांच और बरामदगी से जुड़े दावों के बीच रावत ने अपने ऊपर किसी तरह के आर्थिक लेनदेन के आरोपों को नकारा है।

रावत ने कहा कि वह अपनी बात जनता के सामने रखेंगे और अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देंगे। उनके इस भावुक बयान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad