उत्तराखंड स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी देंगे 8 हजार करोड़ की सौगात, एफआरआइ में होगा रजत जयंती समारोह

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड स्थापना दिवस 2025 के रजत जयंती उत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवंबर को देहरादून पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी एफआरआइ (Forest Research Institute) में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में शामिल होंगे। इस मौके पर वह उत्तराखंड को 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे।

प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम सुबह 11 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचने के बाद शुरू होगा। वह सेना के हेलिकॉप्टर से इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) पहुंचेंगे और वहां से एफआरआइ परिसर में आयोजित समारोह स्थल पहुंचेंगे। पीएम मोदी यहां करीब ढाई घंटे तक रहेंगे और राज्य की विकास यात्रा पर आधारित थीम पवेलियन का निरीक्षण करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान जमरानी बांध परियोजना, सौंग बांध योजना, ऊर्जा, पर्यटन, और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में राज्यभर से एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम को लेकर देहरादून प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। पूरे एफआरआइ परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर में ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एफआरआइ पहुंचकर रजत जयंती समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि “यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर रहा है। राज्य को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसे नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं।”

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी एफआरआइ देहरादून में व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान यातायात सुचारू रहे और आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो। इस मौके पर सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, विनय शंकर पांडे, डीएम सविन बंसल, और डीजी सूचना बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।