धोखा देकर दुष्कर्म: पहचान छिपाकर महिला से की दोस्ती, शादी का झांसा देकर किया रेप, आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड के कलाखेड़ा निवासी एक युवक को पहचान और धर्म छिपाकर महिला से दोस्ती करने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी की पहचान सुरेश उर्फ खलील के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने रविवार को पीलीकोठी चौराहे से गिरफ्तार किया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। करीब छह माह पहले वह एक परिचित महिला के साथ बाजपुर में शुगर की दवा लेने गई थी, जहां अनीता नाम की एक महिला से मुलाकात हुई। इसके बाद अनीता ने महिला से फोन पर बातचीत शुरू कर दी और एक दिन कॉल कर बताया कि वह एक लड़के को घी देकर उसके पास भेज रही है।
कुछ देर बाद महिला के पास एक युवक का फोन आया जिसने खुद को सुरेश बताया और कहा कि वह अनीता के कहने पर रेलवे स्टेशन पर खड़ा है। मुलाकात के बाद दोनों में दोस्ती हो गई। आरोपी ने महिला को बताया कि उसकी पत्नी की भी मौत हो चुकी है और उसने अपने माथे पर टीका और हाथ में कलावा बांध रखा था जिससे महिला को उस पर भरोसा हो गया।
इसके बाद आरोपी उसे होटल में ले गया और दुष्कर्म किया। बाद में उसने महिला से कमरा किराये पर दिलवाने को कहा। पीड़िता ने उसे सिविल लाइंस में दो हजार रुपये में कमरा दिलवा दिया, जहां आरोपी ने कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
कुछ दिन बाद आरोपी ने पीड़िता से शादी करने की बात कही, लेकिन फिर अचानक गायब हो गया और फोन उठाना बंद कर दिया। शक होने पर महिला ने आरोपी की जानकारी खंगाली और पाया कि वह असल में खलील नाम का व्यक्ति है और उसने अपना धर्म व पहचान छिपाई थी।
पीड़िता की शिकायत पर एसएचओ मनीष सक्सेना के निर्देशन में एसआई राजीव कुमार की टीम ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने खुद को सुरेश बताकर महिला से धोखे से संबंध बनाए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।