ऊधमसिंह नगर: यहां पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या, पति समेत चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज
ऊधमसिंह नगर जनपद में एक बार फिर घरेलू हिंसा की भयावह तस्वीर सामने आई है। गदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धीमरखेड़ा में एक युवक ने मामूली विवाद के चलते अपनी पत्नी को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना शनिवार रात की है। स्वार कोतवाली क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी मुरसलीन (40) की शादी करीब 15 साल पहले धीमरखेड़ा निवासी शादाब से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं – अनाविया (11), अहद (10) और तेजान (8)।
शनिवार रात करीब 9 बजे शादाब नशे की हालत में घर आया और खाना देर से मिलने को लेकर पत्नी मुरसलीन से कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ने पर उसने रसोई से चाकू उठाया और मुरसलीन के पेट में ताबड़तोड़ चार वार कर दिए। लहूलुहान मुरसलीन को परिवारजन गदरपुर पीएचसी ले गए, जहां से उसे रुद्रपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना को अंजाम देकर शादाब मौके से फरार हो गया। सूचना पर थाना प्रभारी मुकेश मिश्रा और सीओ विभव सैनी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बच्चों और परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
मुरसलीन के भाई इस्तेकार ने गदरपुर थाने में तहरीर दी है, जिसमें हत्या के पीछे दहेज उत्पीड़न और रुपयों की मांग को कारण बताया गया है। तहरीर में पति शादाब के साथ-साथ ससुर नवाब हुसैन और दो देवर नदीम व समद को नामजद किया गया है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि करीब एक साल पहले भी शादाब ने मुरसलीन पर जानलेवा हमला किया था, लेकिन उस समय बात को आपसी समझौते से शांत कर दिया गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 498A, 34 IPC के तहत केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार
उत्तराखंड हाईकोर्ट शिफ्टिंग मामले में बड़ा फैसला, नैनीताल से हल्द्वानी बेलबाबा ले जाने के खिलाफ याचिका खारिज