गौला नदी में डूबे 17 वर्षीय युवक का शव बरामद, दोस्तों की भूमिका पर परिजनों ने जताया संदेह; पुलिस जांच में जुटी
शांतिपुरी। ऊधमसिंह नगर जिले के शांतिपुरी नंबर-4 स्थित गौला नदी में नहाने गए 17 वर्षीय छात्र पवन चौहान की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने करीब दो दिन तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद रविवार देर शाम नदी से छात्र का शव बरामद कर लिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसके साथ गए दोस्तों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं, जिसके चलते पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था पवन
परिजनों के अनुसार पवन 15 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था। बाद में वह अपने तीन दोस्तों के साथ स्कूटी से शांतिपुरी नंबर-4 स्थित गौला नदी पहुंचा। देर शाम तक जब पवन घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों के मुताबिक दोस्तों से पूछताछ के बाद उन्हें जानकारी मिली कि पवन नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
बारिश और अंधेरे ने रोका रेस्क्यू, रविवार को मिला शव
शनिवार को शुरू हुए तलाशी अभियान के दौरान लगातार बारिश और अंधेरा होने के कारण रात करीब 10 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। रविवार सुबह एसडीएम गौरव पांडे और तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में अभियान दोबारा शुरू किया गया।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद रविवार देर शाम पवन का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
रविवार दोपहर विधायक तिलकराज बेहड़ भी घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
दोस्तों की भूमिका पर उठे सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल पवन के साथ गए दोस्तों की भूमिका को लेकर उठ रहा है। परिजनों का कहना है कि यदि पवन नदी में डूबा था तो घटना के तुरंत बाद परिवार को सूचना क्यों नहीं दी गई?
इसके अलावा घटनास्थल पर पवन के कपड़े, जूते और मोबाइल नहीं मिलने से भी परिजनों का संदेह और गहरा गया। हालांकि, रविवार दोपहर बाद पुलिस ने पवन का सामान पंतनगर छोटी मार्केट के पास से बरामद किया है। नदी में डूबने की घटना और सामान के दूसरी जगह मिलने के बीच की कड़ी अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है।
दोस्तों से पूछताछ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि छात्र के साथ गए सभी दोस्तों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोस्तों ने पुलिस को बताया कि नहाते समय अचानक पैर फिसलने से पवन गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
फिलहाल पुलिस दोस्तों के बयानों, घटनास्थल और दूसरी जगह से बरामद हुए सामान समेत सभी पहलुओं को जोड़कर जांच कर रही है। पवन की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं (दु:खद): तेज रफ्तार ने उजाड़ दिया परिवार, 35 वर्षीय मनोज की मौत; दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
हल्द्वानी: ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती, चलाया स्वच्छता अभियान
आज का राशिफल (02 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड: जंगल में घास काटने गई महिला पर भालू का हमला, इलाज के दौरान मौत
लालकुआं में रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर घायल