उत्तराखंड में सनसनीखेज डबल मर्डर: दो साधुओं की हत्या कर जंगल में दफनाए शव, मंदिर का मुख्य पुजारी फरार
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। प्रसिद्ध पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की कथित तौर पर हत्या करने के बाद उनके शव मंदिर से सटे जंगल में गड्ढा खोदकर दफनाए जाने का मामला सामने आने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मंदिर के एक सेवादार को वहां रहने वाले दोनों साधुओं के अचानक गायब होने पर संदेह हुआ। अनहोनी की आशंका के चलते उसने पथरी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविंद्र चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। मंदिर परिसर और आसपास की जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध निशान मिले। इसके बाद शक के आधार पर मंदिर से सटे जंगल में खुदाई कराई गई।
बताया जा रहा है कि खुदाई के दौरान एक गड्ढे से दोनों लापता साधुओं के शव मिलने से पुलिस भी सकते में आ गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
मुख्य पुजारी की भूमिका की जांच, तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी अखिल गिरी की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि वह घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों साधुओं की हत्या के पीछे आखिर क्या वजह थी और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। मंदिर से जुड़े लोगों और सेवादारों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हेमवती नंदन दुर्गापाल ने युवाओं संग बिंदुखत्ता की बदहाल सड़कों के गड्ढों में रोपा धान, विकास के बड़े-बड़े दावों पर उठाए सवाल
आज का राशिफल (21 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!