उत्तराखंड में सनसनीखेज वारदात: स्कूल जा रहे प्रधानाचार्य की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या, आरोपी फरार

ख़बर शेयर करें 👉

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह हुई एक सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य 56 वर्षीय दयानंद टम्टा की स्कूल जाते समय कथित तौर पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से शिक्षा जगत में शोक की लहर है, वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक दयानंद टम्टा पुत्र स्वर्गीय गिरीश प्रसाद टम्टा बागेश्वर के तहसील रोड क्षेत्र के निवासी थे। शनिवार सुबह वह विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान उन पर अचानक चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी में हमले का आरोप हाल ही में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में उसी विद्यालय में स्थानांतरित होकर आए नवल किशोर सोराड़ी, निवासी लमगड़ा, अल्मोड़ा पर लगाया गया है। हालांकि, घटना के कारणों और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

प्रधानाचार्य की हत्या की खबर फैलते ही पूरे बागेश्वर जिले में सनसनी फैल गई। शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।