“सॉरी मम्मी… अब सहन नहीं होता”: 8 महीने पहले हुई थी शादी, शिक्षिका की संदिग्ध मौत के बाद वायरल वीडियो से उठे कई सवाल

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र से एक दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है, यहां शादी के 8 महीने बाद एक शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत से पहले शिक्षका का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उसने अपने साथ हो रहे अत्याचारों के बारे में बताया है।

वीडियो में शिक्षिका ने कहा है कि सॉरी मम्मी… सॉरी गुड़िया, सॉरी रुचि… मैं ऐसे जा रही हूं… सब कुछ बहुत… बहुत अजीब सा हो गया… मैं 6 महीने से सह रही हूं… अब और सहा नहीं जाता… इन लोगों की सोच कभी बदल नहीं सकती… सब कुछ शादी के बाद शुरू हुआ… शादी के बाद हुआ… मनहूस… मनहूस…।

मृतका की मां ने दर्ज कराया मामला
अब इस मामले में पुलिस ने राज्य सचिवालय में तैनात उसके पति सौरभ खत्री समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मृतका सृष्टि कंडारी की मां ने आरोपी पति सौरभ खत्री, सास और ननद के खिलाफ डोईवाला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मामला दर्ज कराया है।

पुलिस ने बताया कि शिकायत में सृष्टि कंडारी के परिवार ने आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग और अन्य बातों को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत के अनुसार, उसे ‘मनहूस’ का ताना देकर अपमानित किया जाता था।

सुसर की मौत पर कह गया मनहूस
मां ने यह भी आरोप लगाया है कि बेटी की शादी के तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया। इसके बाद पति और सास ने किसी पंडित की बात मानकर सृष्टि को मनहूस कहना शुरू कर दिया था। वे कहते थे कि तेरे आने के बाद से घर में अनिष्ट हो रहा है और पिता बीमार रहने लगे हैं। इसके बाद ससुर का निधन हो गया, उनकी मौत की जिम्मेदार भी सृष्टि को ठहराया जाने लगा और उसे औऱ अधिक प्रताड़ित किया जाने लगा।

सृष्टि की मां ने अपनी शिकायत में ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि 29 जुलाई को हुई उसकी मौत की सूचना भी उन्हें ससुराल वालों ने नहीं दी। पुलिस के मुताबिक, सृष्टि कंडारी टिहरी जिले के एक स्कूल में शिक्षिका थीं। उनकी शादी पिछले साल नवंबर में हुई थी और आठ महीने बाद ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

हालांकि ससुराल वालों का कहना है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी, उसे तत्काल कैलाश अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ससुरालवालों का कहना है कि घटना की जानकारी न देने का कारण व्यस्तता थी।