उत्तराखंड विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन, पार्टीयों के ये दिग्गज झोंकेंगे पूरी ताकत
उत्तराखंड में 14 फरवरी को होने जा रहे मतदान से पूर्व आज शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। आखिरी दिन तमाम राजनीतिक पार्टियां प्रचार में जोर लगाएंगी। इसके लिए तमाम सियासी सूरमा आज अपने पार्टी प्रत्याशियों के हक में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
सत्तारूढ़ दल भाजपा की ओर से जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे दिग्गज चुनाव प्रचार के लिए मैदान में होंगे, वहीं कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी के साथ राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट मोर्चा संभालेंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया भी मैदान में होंगे।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सियासी पार्टियों का पूरा जोर अधिक से अधिक मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने पर रहेगा। इसके लिए सियासी दलों ने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है। भाजपा की ओर से जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रुद्रपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे, वहीं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोटद्वार और टिहरी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह धनोल्टी, रायपुर और सहसपुर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रैली करेंगे। वहीं, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह यमकेश्वर, सल्ट और रामनगर में चुनावी सभाओं को संबोधित कर पार्टी प्रत्याशियों के हक में वोट की अपील करेंगे।
कांग्रेस पार्टी ने भी चुनाव प्रचार के अंतिम दिन अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है। महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी खटीमा, हल्द्वानी और श्रीनगर गढ़वाल में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगी। इसके अलावा राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट कोटद्वार, यमकेश्वर और नरेंद्रनगर में सभाएं करेंगे। जबकि एमपी व सीडब्ल्यूसी के सदस्य दीपेंद्र हुड्डा झबरेड़ा, खानपुर, हरिद्वार ग्रामीण और डोईवाला में पार्टी प्रत्याशियों के हक में रैली कर वोट की अपील करेंगे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: आरटीओ कार्यालय में फायरिंग पर बड़ी कार्रवाई, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निलंबित
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग पर पदयात्रा जारी, भारी बारिश के बीच सैकड़ों लोग जुटे; शासन पर लगाए गंभीर आरोप
आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई