उत्तराखंड: यहां भालू ने मचाया आतंक महिला पर किया हमला, जान बचाने को खाई में कूदे

ख़बर शेयर करें 👉

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी में नरेंद्रनगर विकासखंड के दोगी पट्टी क्षेत्र में एक भालू ने महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं महिला को बचाने आये युवक पर भी भालू ने हमला के दिया। बचने के लिए खाई में कूदा युवक भी घायल हो गया। दोनों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। बता दें कि यहां दोगी पट्टी क्षेत्र में भालू का आतंक थमने का नाम ही नहीं ले रहा है।

ग्रामसभा मिंडाथ देवतासैंण निवासी 39 वर्षीय भनदुरा देवी पत्नी पूरण सिंह दवांण शुक्रवार की सुबह गांव के पास ही खेतों में बकरियों को चराने गई थी। बकरियों को चराने के साथ ही वह आसपास से घास भी एकत्र कर रही थी। कि इसी बीच अचानक झाड़ियों से निकलकर एक भालू ने भनदुरा देवी पर हमला बोल दिया। उनके नजदीक ही खेतों में काम कर रहे 25 वर्षीय सोहन सिंह दवांण पुत्र विक्रम सिंह ने जब भालू को भगाने की कोशिश की तो भालू ने उनपर भी हमला करने की कोशिश की। भालू से बचने के लिए सोहन सिंह खाई में कूद गया, जिसमें सोहन सिंह की टांग टूट गई। उधर, भालू की चंगुल से छूटी भनदुरा देवी व सोहन सिंह को किसी तरह गांव पहुंचाया। भनदुरा देवी का सिर भालू ने बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। ग्रामीणों ने भनदुरा देवी व सोहन सिंह को 108 सेवा की मदद से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad