उत्तराखंड: पत्नी की जान बचाने के लिए गुलदार से भिड़ गया पति, जबड़े से खींच लाया बाहर
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से मानव-वन्यजीव संघर्ष की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के अंतर्गत नाकोट गांव में मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक गुलदार ने घर के अंदर घुसकर एक महिला पर हमला कर दिया। गुलदार ने घर का दरवाजा धक्का मारकर तोड़ा और अंदर सो रही कुशला देवी पर झपट पड़ा। गुलदार महिला को खींचते हुए बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था कि तभी महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर पति नत्थी लाल जाग गए।
नत्थी लाल ने तुरंत घर में रखा डंडा उठाया और गुलदार पर जोरदार हमला किया। डंडा पड़ते ही गुलदार घबरा गया और मौके से भाग निकला। इस साहसिक कार्रवाई से कुशला देवी की जान तो बच गई, लेकिन उसके चेहरे और सिर पर गंभीर घाव आए हैं। महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में भर्ती कराया गया, जहां उसके मुंह पर सात टांके लगे हैं और इलाज जारी है।
घटना के वक्त घर में पति-पत्नी समेत तीन छोटे बच्चे भी मौजूद थे। नत्थी लाल ने बताया कि हमला इतना अचानक था कि कुछ समझ नहीं आया, पर किसी तरह हिम्मत जुटाकर गुलदार पर डंडा चला दिया, जिससे वह भाग गया। इस भयावह हमले के बाद परिवार के सभी सदस्य सदमे में हैं।
घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों ने गुलदार के लगातार हमलों से दहशत में आने की बात कही और सुरक्षा की मांग की है।
गौरतलब है कि बीते कुछ सप्ताहों में रुद्रप्रयाग जिले के कई इलाकों से गुलदार हमले की घटनाएं सामने आई हैं। सिल्लाबामण गांव, किरोड़ा और गंगतल जैसे स्थानों पर महिलाएं गुलदार के हमले का शिकार हो चुकी हैं, जबकि जखोली ब्लॉक में तीन महिलाओं की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हमलों से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (03 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: आरटीओ कार्यालय में फायरिंग पर बड़ी कार्रवाई, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निलंबित
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग पर पदयात्रा जारी, भारी बारिश के बीच सैकड़ों लोग जुटे; शासन पर लगाए गंभीर आरोप
आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!