Uttarakhand : मानव–वन्यजीव संघर्ष पर सख्त हुए सीएम धामी, पौड़ी DFO तुरंत हटाए गए, स्कूली बच्चों के लिए एस्कॉर्ट व्यवस्था के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में वन विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली, जिसमें उन्होंने राज्य में लगातार बढ़ रहे मानव–वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए विभाग और प्रशासन को सख्त तथा त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी मानव–वन्यजीव संघर्ष की सूचना मिलने के 30 मिनट के भीतर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचे। इसके लिए संबंधित DFO और RO की जिम्मेदारी तय की जाएगी और देरी पाए जाने पर सीधी कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रभावितों को तुरंत आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। उन्होंने पौड़ी जिले में लगातार बढ़ रही मानव–वन्यजीव घटनाओं पर गंभीरता व्यक्त करते हुए वहां के DFO को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जंगली जानवरों का अधिक भय रहता है, वहां स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए वन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से एस्कॉर्ट की व्यवस्था की जाए ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सीएम धामी ने कहा कि यदि मानव–वन्यजीव संघर्ष में किसी परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत हो जाती है, तो परिवार आर्थिक संकट में न पड़े। इसके लिए वन विभाग को दो सप्ताह के भीतर आजीविका सहयोग से संबंधित नीति तैयार कर सरकार को प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जिलों में मानव–वन्यजीव संघर्ष को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक सभी उपकरण जल्द उपलब्ध कराए जाएं और नई तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाए।
उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों को आबादी क्षेत्रों में आने से रोकने के लिए स्थायी समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। संवेदनशील इलाकों में कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए और ग्रामीणों के साथ विभागीय संवाद को और मजबूत किया जाए। उन्होंने बस्तियों के आसपास झाड़ियों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने और महिलाओं व बच्चों को वन्यजीवों की मौजूदगी के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विनय शंकर पांडेय, सी. रविशंकर, प्रमुख वन संरक्षक रंजन मिश्रा और अपर सचिव हिमांशु खुराना उपस्थित रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिन्दुखत्ता: राजस्व ग्राम की मांग पर 23वें दिन उमड़ा जनसैलाब, 1500 ग्रामीणों ने बुलंद की आवाज; राधा रतूड़ी के निर्देश भी बेअसर
नैनीताल: भारी वर्षा की चेतावनी के चलते कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित
जमीन बहने के बाद ही क्यों जागता है सिस्टम? बिन्दुखत्ता में गौला नदी के कटाव पर उठे सवाल