उत्तराखंड: बड़ा हादसा टला, चारधाम यात्रा पर जा रहे टेंपो ट्रैवलर के ब्रेक फेल, मची अफरा-तफरी

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया, जब टिहरी जिले के नगुन-सुवाखोली मोटर मार्ग पर यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गया। घटना के दौरान वाहन में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर (एचआर 65ए 0859) दिल्ली से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। वाहन में चालक समेत कुल 23 यात्री सवार थे। नागराजाधार के पास अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे वाहन ढलान पर तेजी से नीचे की ओर बढ़ने लगा और स्थिति बेहद भयावह हो गई।

ऐसे संकटपूर्ण समय में चालक जगजीत सिंह ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया। गाड़ी पहाड़ से टकराकर रुक गई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना छाम पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में पांच यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी चिन्यालीसौड़ में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।

अन्य यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। पुलिस के अनुसार सभी यात्री दिल्ली निवासी हैं और गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकले थे। चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय के चलते एक बड़ा हादसा होने से बच गई।