उत्तराखंड: यहां सीडीओ के गनर की बंदूक से चली गोली, स्टाफ और पर्यटको में मचा हड़कंप

मुनस्यारी। पिथौरागढ़ जनपद के मुख्य विकास अधिकारी के गनर की बंदूक से चली। रात्रि ग्यारह बजे चली गोली से खलिया स्थित गेस्ट हाउस में अफरातफरी मच गई। प्रशिक्षण के लिए पहुंचे छह से अधिक युवा, पर्यटक और स्टाफ भय के मारे बुग्याल की तरफ भाग खड़े हुए।
जानकारी के अनुसार शनिवार की देर सायं मुख्य विकास अधिकारी अनुराधा पाल अपने स्टाफ के साथ मुनस्यारी पहुंची। उनका रात्रि प्रवास खलिया स्थित केएमवीएन के गेस्ट हाउस में था। खलिया द्वार से पैदल चल कर सीडीओ और उनका स्टाफ रात्रि को केएमवीएन गेस्ट हाउस में पहुंचा। जहां पर रात्रि 11 बजे के आसपास सीडीओ के साथ रहने वाले पुलिस के गनर की बंदूक से गोली चली।रात्रि को गोली की आवाज आते ही अफरातफरी मच गई ।
इस दौरान यहां पर्वतारोहण सहित साहसिक खेलों का प्रशिक्षण ले रहे स्थानीय 15 के आसपास युवक, यहां पहुंचे पर्यटक और स्टाफ भय के मारे रात के अंधेरे में बुग्याल की तरफ भाग गए। इस बीच किसी ने सूचना मुनस्यारी थाने को देते हुए बताया कि खलिया में गोली चली है। सूचना मिलते ही मुनस्यारी थाने से थानाध्यक्ष केएस रावत पुलिस दल बल के साथ रात्रि ढाई बजे खलिया पहुंचे। पुलिस ने गनर की बंदूक के गोली चलने की जांच की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मैगजीन निकालते समय गोली चल गई।
पुलिस अधीक्षक, पिथौरागढ़ लोकेश्वर सिंह ने बताया कि गनर की बंदूक से गोली चली है। यह गोली गलती से चली है। इसकी जांच की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी धारचूला मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही गोली चलने के कारणों का पता चलेगा।