उत्तराखंड: यहां देर रात गहरी खाई में गिरा ट्रक, दो लोगों की मौत; SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फाटा के पास तरसाली क्षेत्र में एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और देर रात रेस्क्यू अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की देर रात जिला कंट्रोल रूम (डीसीआर) रुद्रप्रयाग को सूचना मिली कि ट्रक संख्या UK01 CA 0826 तरसाली-फाटा के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सोनप्रयाग से उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची संयुक्त रेस्क्यू टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक की मदद से लगभग 100 मीटर गहरी खाई में उतरकर ट्रक तक पहुंच बनाई।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के पास दो युवक अचेत अवस्था में मिले। दोनों को हार्ड बोर्ड की सहायता से खाई से बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


आज का राशिफल (17 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!