उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट: 4–5 मई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड में संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग द्वारा आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जनपदों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 4 और 5 मई 2026 को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि, तेज से अति तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 6 मई तक राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित करते हुए हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलों को उच्च सतर्कता बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर नियंत्रण रखने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और राहत-बचाव दलों को अलर्ट रखने को कहा गया है।
साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और बीआरओ सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करें। ग्राम स्तर तक अधिकारियों को सक्रिय रहने और सभी जरूरी उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने अधिकारियों को अपने संचार माध्यम सक्रिय रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत समन्वय स्थापित करने को कहा है। इसके साथ ही विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल