अल्मोड़ा में कलयुगी बेटे का खौफनाक कृत्य, मामूली विवाद में कुल्हाड़ी से मां की बेरहमी से हत्या
अल्मोड़ा। जिले के भिकियासैण तहसील अंतर्गत कनगढ़ी गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने मामूली कहासुनी में अपनी 71 वर्षीय मां गाऊली देवी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है, जिसने पूरे क्षेत्र को सदमे में डाल दिया है। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान गिरफ्तार कर लिया और वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, गाऊली देवी पत्नी मूसीराम अपने छोटे बेटे गोपाल राम के साथ रहती थीं। बुधवार को वह अपने बड़े बेटे आनंद राम के घर किसी कार्य से गई थीं। वहीं दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर आनंद राम ने कुल्हाड़ी से मां पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी आनंद गांव में अकेला रहता है, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे बाहर हैं।
घटना की खबर मिलने पर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे राजस्व पुलिस मौके पर पहुंची, जब परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोपाल राम की शिकायत पर पुलिस ने आनंद राम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
मौके से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। इस कार्रवाई में कानूनगो जितेंद्र थपलियाल, राजस्व उपनिरीक्षक महेश प्रसाद बिजल्वाण और पंकज बिष्ट शामिल रहे।
यह दर्दनाक घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों में आक्रोश और हैरानी है कि कोई बेटा अपनी मां के साथ इतनी बेरहमी कैसे कर सकता है। पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है, वहीं क्षेत्र में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जनजागरूकता और निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं: ध्वस्तीकरण या अवैध खनन? UCF परिसर में गहरी खुदाई पर उठे सवाल, SDM ने मारा औचक छापा
आज का राशिफल (03 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: आरटीओ कार्यालय में फायरिंग पर बड़ी कार्रवाई, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निलंबित
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग पर पदयात्रा जारी, भारी बारिश के बीच सैकड़ों लोग जुटे; शासन पर लगाए गंभीर आरोप