फायरिंग की घटना के 48 घंटे बाद देहरादून में फिर बवाल, चले लाठी-डंडे… लहराई पिस्टल

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। पटेलनगर में फायरिंग की घटना के 48 घंटे बाद ही प्रेमनगर क्षेत्र में सड़क पर विवाद के दौरान लाइसेंसी पिस्टल लहराने का मामला सामने आया है। कार हटाने को लेकर बस चालक और कार सवारों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले, जिसमें दो युवक घायल हो गए। इसी दौरान कार सवारों ने कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्टल लहराकर बस चालक को धमकाया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लाइसेंसी पिस्टल समेत अन्य सामान बरामद किया है।

हाई बीम लाइट को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात प्रेमनगर क्षेत्र में नेक्स्ट हॉस्टल के पास यह घटना हुई। झाझरा निवासी गौरव निजी संस्थान की बस लेकर मांडूवाला स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान सड़क के बीच एक फॉर्च्यूनर कार हाई बीम लाइट के साथ खड़ी थी।

बस चालक ने कार हटाने के लिए कहा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बस चालक ने डंडा निकालकर कार चालक पर हमला कर दिया। इसके बाद कार चालक ने अपने दूसरे साथी को मौके पर बुला लिया।

मारपीट के बीच लहराई लाइसेंसी पिस्टल
मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि इसी दौरान कार सवारों ने लाइसेंसी पिस्टल निकालकर बस चालक को धमकाया। सड़क पर पिस्टल लहराते देख आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
घटना में दो युवक घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने नीरज राजपूत निवासी भाऊवाला, मनीष नेगी निवासी मांडूवाला और गौरव निवासी प्रेमनगर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, डंडा और कार बरामद की है। जांच में सामने आया कि बरामद पिस्टल नीरज राजपूत के नाम पर लाइसेंसी है।

पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कराने की तैयारी
पुलिस अब पिस्टल के लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

घटना के बाद एक बार फिर सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने और मामूली विवाद के हिंसक रूप लेने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।