बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग पर देहरादून में हल्लाबोल, मुख्यमंत्री आवास कूच कर पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण, पुलिस से धक्का-मुक्की
लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर रविवार को देहरादून में बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। इंडिया गठबंधन के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। गांधी मैदान से करीब सात किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई।
बैरिकेडिंग पर रोके जाने से नाराज प्रदर्शनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता की जनता वर्षों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन भाजपा सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
नौ सूत्रीय ज्ञापन में उठीं कई प्रमुख मांगें
मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए नौ सूत्रीय ज्ञापन में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही बागजाला, सुल्ताननगरी, दानीबंगर, मानपुर, प्रतापपुर और खोलिया बंगर समेत राजस्व गांव के दर्जे से वंचित अन्य गांवों को भी राजस्व गांव बनाने की मांग की गई।
ज्ञापन में इस संबंध में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर प्रस्ताव पारित करने और केंद्र सरकार से अनापत्ति प्राप्त कर वन भूमि को राजस्व भूमि में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई।
गौला नदी के कटाव और रोजगार का मुद्दा भी उठा
आंदोलनकारियों ने गौला नदी से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए स्थायी तटबंध निर्माण कराने तथा स्थानीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों में क्षेत्र के युवाओं और लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की मांग भी उठाई। प्रदर्शनकारियों ने नौ सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून को सौंपा।
इस दौरान पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन मेंहरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, राजेंद्र सिंह खनवाल, इंद्रेश मैखुरी, कुंदन सिंह मेहता, पूर्व विधायक राजकुमार, पुष्कर दानू, गिरधर बम, प्रदीप बथ्याल, कैलाश पांडे, मीना कपिल, बीना जोशी, उर्मिला धामी, राकेश वर्मा, मुन्ना कोरंगा और संध्या डालाकोटी समेत सैकड़ों ग्रामीण व कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


रामपुर रोड पर आधी रात को खूनी हंगामा! बाइक से लाई युवती को हेलमेट से पीटकर किया लहूलुहान, नशे में धुत युवक गिरफ्तार
आज का राशिफल (16 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!