देहरादून (बड़ी खबर) : सीएम धामी ने 220 चिकित्सा अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
देहरादून। राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 220 नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित उत्तराखंड चिकित्सा स्वास्थ्य सशक्तिकरण अभियान के तहत संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र पाने वाले चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह क्षण उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि आप मात्र डॉक्टर नहीं बल्कि देवभूमि के आरोग्य प्रहरी हैं। आपको प्रदेश की चिकित्सा को सस्ती, जनसुलभ और नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सेवाभाव और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
सीएम धामी ने कवि गुमानी पंत की पंक्तियों “प्रथम देह को जतन कर लो, फिर साधना होगी” का उल्लेख करते हुए कहा कि चिकित्सकों का मुख्य दायित्व है कि वे अपने ज्ञान और कौशल से लोगों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखें। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में 11 लाख से अधिक मरीजों को 21 करोड़ से अधिक की कैशलेस इलाज सुविधा मिल चुकी है। श्रीनगर में कार्डियो व न्यूरोलॉजी और हल्द्वानी में कैंसर से संबंधित विशेष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाल ही में धराली आपदा के दौरान हेली सेवा ने भी जीवनदायिनी का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य केंद्रों का आधुनिकीकरण, पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति और टेलीमेडिसिन सेवा के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जनपद में एक-एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग लगातार नए कीर्तिमान बना रहा है। उन्होंने बताया कि 220 नियुक्त चिकित्सकों में से 04 दिव्यांग कोटे के चिकित्सकों को छोड़कर सभी की तैनाती दूरस्थ क्षेत्रों में की जाएगी। विभाग जल्द ही और चिकित्सकों, नर्सेज व सपोर्टिंग स्टाफ की भी भर्ती करने जा रहा है। साथ ही 17 सितंबर (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस) से 2 अक्टूबर तक राज्य के 220 स्थानों पर ब्लड डोनेशन कैंप और प्रत्येक गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिससे 25 लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों के साथ सपोर्टिंग स्टाफ की उपलब्धता से स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समाज में ईश्वर के बाद सबसे अधिक सम्मान पाने वाले हैं, इसलिए उन्हें लोगों के विश्वास को और मजबूत करने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, राजकुमार पोरी, सरिता कपूर, राज्य स्तरीय उपाध्यक्ष राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सुरेश भट्ट, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, महानिदेशक स्वास्थ्य सुनीता टम्टा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और नव नियुक्त चिकित्सक मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत