लालकुआं की सियासत गरमाई! कमलेश चंदोला के बाद पूर्व विधायक नवीन दुमका ने भी सीएम धामी से की मुलाकात, विकास कार्यों को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून/लालकुआं। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर इन दिनों राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। हाल ही में भाजपा नेता कमलेश चंदोला द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर क्षेत्रीय समस्याओं और विकास योजनाओं को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुमका ने भी मुख्यमंत्री से उनके देहरादून स्थित शासकीय आवास पर भेंट कर क्षेत्र के विभिन्न जनहित मुद्दों को मजबूती से रखा है।

लगातार हो रही इन राजनीतिक मुलाकातों ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में विकास और आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। राजनीतिक गलियारों में इसे क्षेत्रीय विकास के साथ-साथ बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के रूप में भी देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुमका ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की कई वर्षों से लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मूल ग्राम डोल सड़क निर्माण, जयपुरबीसा और तेजपुर नेगी क्षेत्र में जमरानी नहर कवरिंग कार्य को पूर्ण कराने, नंधौर-चोरगलिया क्षेत्र में बाढ़ से क्षतिग्रस्त टंच बैराज के पुनर्निर्माण, लालकुआं की लीज निरस्त भूमि के नियमितीकरण तथा गौला और नंधौर नदी में कार्यरत खनन श्रमिकों के लिए मृत्यु मुआवजा योजना को पुनः लागू करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  आज का राशिफल (23 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भाजपा नेता कमलेश चंदोला ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लालकुआं क्षेत्र की सड़क, आधारभूत ढांचा और अन्य जनसमस्याओं को लेकर चर्चा की थी। अब पूर्व विधायक नवीन दुमका की मुलाकात के बाद क्षेत्र में यह संदेश जा रहा है कि लालकुआं के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक सक्रियता लगातार बढ़ रही है।

क्षेत्रीय जनता को उम्मीद है कि लगातार उठाए जा रहे इन मुद्दों का सकारात्मक परिणाम जल्द धरातल पर दिखाई देगा और वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान हो सकेगा।