देहरादून में सरेआम फायरिंग, युवक घायल – चार दिन में गोली चलने की दूसरी वारदात

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। राजधानी देहरादून की शांत वादियों में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को बंजारावाला में दिनदहाड़े एक युवक को सरेआम गोली मार दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना दोपहर बाद उस समय हुई जब यूपी सहारनपुर के बिहारीगढ़ निवासी मोइन, जो इन दिनों अपनी बहन के घर बंजारावाला में रुका हुआ था, स्कूल से बहन के बच्चों को लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह ऑटो से उतरा, दो युवकों ने उसे घेर लिया और एक ने तमंचे से गोली चला दी। गोली मोइन के कंधे में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस और परिजनों को सूचना दी। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरीओम चौहान ने बताया कि घायल युवक हमलावरों को पहचानता है, लेकिन नाम नहीं जानता। इससे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड-नेपाल बॉर्डर पर बड़ा हादसाः बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 गंभीर घायल

पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी है। एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  आज का राशिफल (07 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!

गौरतलब है कि बीते चार दिन में देहरादून में गोली चलने की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले 16 अप्रैल को प्रेमनगर क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध हालात में गोली लगने से घायल हुआ था। लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।