नैनीताल: जिले के इन विकासखंडों में 3 दिन स्कूल और आंगनबाड़ी बंद, प्रशासन ने जारी किया आदेश
नैनीताल। जनपद नैनीताल के धारी, ओखलकाण्डा और रामगढ़ विकासखंडों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं और आदमखोर वन्यजीवों की सक्रियता को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन तीनों विकासखंडों में संचालित कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन स्याल द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश 19 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है।
प्रशासन ने बताया कि इन पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बच्चों को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने के लिए सुनसान मार्गों, पगडंडियों और वन क्षेत्रों से होकर आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में छोटे बच्चों और स्कूली छात्रों की जान-माल को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस अवधि में किसी भी बच्चे को विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र में न बुलाया जाए। यह आदेश छात्रों के साथ-साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर भी समान रूप से लागू होगा।
साथ ही वन विभाग, पुलिस विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति की लगातार समीक्षा की जाएगी। हालात सामान्य होने पर आगे के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी