बिंदुखत्ता राजस्व गांव: 28वें दिन भी जारी रही पदयात्रा, जिलाधिकारी को सौंपा 27 सितंबर की रैली के लिए पत्र
लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने की मांग को लेकर वन अधिकार संगठन द्वारा चलाए जा रहे पदयात्रा अभियान के 27वें दिन पदयात्रा तिवारी नगर स्थित वनदेवी मैया मंदिर से होकर हाट कालिका मंदिर पहुंची। पदयात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल हुए। इस दौरान लोकगीतों और जनगीतों के माध्यम से ग्रामीणों को 27 सितंबर को प्रस्तावित विशाल रैली एवं जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। आज की पदयात्रा का रात्रि विश्राम हाट कालिका मंदिर में हुआ है। इसके बाद 12 सितंबर की सुबह 8 बजे पदयात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी।
पदयात्रा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले 40–50 वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन देकर उनकी मांग को टाल दिया जाता है। वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता की स्थिति देश में एक अनोखा उदाहरण है, जहां लोकसभा और विधानसभा के चुनाव तो होते हैं, लेकिन ग्रामीणों को अपनी ग्राम पंचायत चुनने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग केवल राजस्व ग्राम की अधिसूचना तक सीमित नहीं है, बल्कि राजस्व ग्राम का दर्जा, पंचायती राज व्यवस्था और भूमि पर मालिकाना अधिकार उनके मूल अधिकारों से जुड़े प्रश्न हैं।
पदयात्रा के बाद वन अधिकार संगठन एवं पूर्व सैनिक संगठन का लगभग 60–70 लोगों का प्रतिनिधिमंडल हल्द्वानी स्थित जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को 27 सितंबर को प्रस्तावित विशाल रैली एवं जनसभा की अनुमति के संबंध में पत्र सौंपा तथा कार्यक्रम की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को स्पष्ट रूप से अवगत कराया कि इस बार रैली में कोई नया ज्ञापन नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि 27 सितंबर को आयोजित रैली में स्वयं मुख्यमंत्री अथवा उनका कोई समकक्ष जिम्मेदार प्रतिनिधि उपस्थित होकर बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम के संबंध में चर्चा कर लिखित आश्वासन देता है, तभी रैली समाप्त की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सरकार की ओर से कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि उपस्थित नहीं होता है तो रैली को क्रमिक अनशन में परिवर्तित करने का निर्णय लिया जा सकता है।
जिलाधिकारी को सूचना एवं अनुमति पत्र सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में संगठन के अध्यक्ष उमेश भट्ट, अर्जुन नाथ गोस्वामी, बलवन्त बिष्ट, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, रमेश गोस्वामी, दीपक जोशी, दीपक नेगी, दीपक रौतेला, कविराज धामी, संध्या डालाकोटी, मीना कपिल, हीरा सिंह बिष्ट, कैप्टन प्रताप सिंह बिष्ट, सूबेदार खुशाल सिंह कोश्यारी, सूबेदार माधो सिंह अरमोली, सूबेदार कमल सिंह बिष्ट, सूबेदार बलवंत सिंह बिष्ट, बसंत पांडे, दीपक पाण्डा, नन्दन बोरा, राजेंद्र पांडा, गंगा सिंह दानू, मीना मेहता, रेखा कार्की, नारायण सिंह कोरंगा, बलवन्त परिहार, गंगा देवी, लीला देवी, गोपाल नेगी, भवान सिंह कठायत, ममता दानू, सहित अनेक लोग शामिल रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: धामी कैबिनेट की बैठक संपन्न, इन फैसलों पर लगी मुहर….
आज का राशिफल (11 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!