लालकुआं: पुलिस का बड़ा एक्शन! बिंदुखत्ता में एक लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं/बिंदुखत्ता। युवाओं को नशे के जाल से बचाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिंदुखत्ता चौकी पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.12 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि पूछताछ में सामने आए सप्लायर की तलाश भी तेज कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा और वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट के निर्देशन में क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम बिंदुखत्ता चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव जोशी अपनी टीम के साथ इमली घाट स्थित गौला नदी पार ढोराडाम मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।

चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK04AG-8978 पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान दयानंद आर्य उर्फ दयाल उर्फ दल्लू पुत्र ख्याली राम, निवासी गांधीनगर द्वितीय, बिंदुखत्ता के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.12 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह स्मैक शक्तिफार्म निवासी सोनू सरदार से ₹3200 प्रति ग्राम की दर से खरीदकर लाता था। इसके बाद वह स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार कर बिंदुखत्ता, लालकुआं और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था। आरोपी के इस खुलासे के बाद पुलिस ने सोनू सरदार की तलाश शुरू कर दी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
कोतवाल ब्रजमोहन राणा ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में चौकी प्रभारी गौरव जोशी, आरक्षी वीरेंद्र सिंह और आरक्षी दयाल नाथ शामिल रहे।