बड़ी खबर! लालकुआं से झांसी के लिए साप्ताहिक ट्रेन की सौगात, सांसद, विधायक ने दिखाई हरी झंड़ी…

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं, 25 जून 2025। लालकुआं से झांसी को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित साप्ताहिक ट्रेन सेवा का बुधवार को शुभारंभ हो गया। इस नई ट्रेन को सांसद अजय भट्ट, क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन के पहले ही दिन 176 यात्रियों ने इस ट्रेन में सफर के लिए आरक्षण कराया।

सांसद अजय भट्ट ने जानकारी दी कि यह ट्रेन “ऑन डिमांड” के आधार पर चलाई गई है और यदि यात्रियों की संख्या संतोषजनक रही, तो इसका स्थायी संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन लालकुआं से बरेली, कासगंज, मथुरा, आगरा और ग्वालियर होते हुए झांसी तक जाएगी।

सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। भविष्य में यहां से लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन की योजना है, साथ ही वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी तेज गति की ट्रेनों को भी चलाने की तैयारी है। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही लालकुआं से कामाख्या देवी (कोलकाता) और काठगोदाम से प्रयागराज के लिए नई ट्रेन सेवाएं शुरू की जाएंगी, जिससे पर्यटन और राज्य का आर्थिक विकास बढ़ेगा।
श्री भट्ट ने झांसी ट्रेन सेवा शुरू कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

काठगोदाम रेलवे स्टेशन का सांसद ने किया निरीक्षण, कार्यों में देरी पर जताई नाराजगी
बाद में सांसद अजय भट्ट ने अमृत भारत योजना के तहत काठगोदाम रेलवे स्टेशन में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत योजना के अंतर्गत लालकुआं, रामनगर और काठगोदाम रेलवे स्टेशनों का चयन हुआ है। इन स्टेशनों का निर्माण स्थानीय वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप किया जा रहा है।
योजना के तहत लागत विवरण:
काठगोदाम स्टेशन : ₹16 करोड़
लालकुआं स्टेशन : ₹29 करोड़
रामनगर स्टेशन : ₹10 करोड़

काठगोदाम स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट, डोरमेट्री जैसे कार्य फेज-1 में हो रहे हैं। आगे फेज-2 और 3 में स्टेशन को और भी अत्याधुनिक रूप दिया जाएगा। सांसद ने स्पष्ट किया कि दो माह के भीतर कार्यों की पुनः समीक्षा की जाएगी और यदि कोई कमी पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक डॉक्टर मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज बिष्ट, राज्य मंत्री उत्तराखंड सरकार नवीन वर्मा, मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, रोहित दुमका, धन सिंह बिष्ट, संजीव शर्मा, विनोद श्रीवास्तव, राजकुमार सेतिया, बॉबी संभल, इलमा खान, ममता चौहान, हेमंत नरूला, पवन चौहान, नारायण बिष्ट, कमल जोशी, दीवान बिष्ट, कमलेश आदि लोग मौजूद रहे।