नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी; ईमेल के बाद खाली कराया गया कोर्ट परिसर
नैनीताल। सोमवार को नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमकी भरा ईमेल सामने आते ही एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया और अधिवक्ताओं, कर्मचारियों तथा वादकारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ‘ऑल इंडिया जजेज एसोसिएशन’ की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक संदेश भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि जिला न्यायालय परिसर में आरडीएक्स बम लगाया गया है और दोपहर 1 बजे तक विस्फोट कर इमारत को उड़ा दिया जाएगा। ईमेल की सूचना मिलते ही न्यायालय प्रशासन हरकत में आया और सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया।
जिला बार एसोसिएशन नैनीताल के अध्यक्ष भगवत प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कोर्ट प्रशासन और पुलिस को अवगत कराया गया। एहतियातन सभी अधिवक्ताओं और वादकारियों को चेंबरों से बाहर निकालकर परिसर खाली कराया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचाव किया जा सके।
सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। न्यायालय परिसर के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं और खड़े वाहनों की बारीकी से जांच की गई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को भी तैनात किया गया है।
फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस साइबर टीम के साथ मिलकर धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
घटना के बाद न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही हैं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत
आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!