लालकुआं: घर में फंदे से लटका मिला दो मासूम बच्चों की मां का शव, जांच में जुटी पुलिस
लालकुआं। मोटाहल्दू क्षेत्र की जयपुर बीसा ग्रामसभा के गंगारामपुर गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में शव घर के अंदर पंखे के कुंडे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रूपा पलड़िया (25 वर्ष) पत्नी विजय पलड़िया के रूप में हुई है। दंपति अपने दो मासूम बच्चों के साथ गंगारामपुर में किराये के मकान में रह रहे थे। परिवार में सात वर्षीय बेटा और पांच वर्षीय बेटी हैं। घटना के समय दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि पति अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर था।
घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल कुमार, कोतवाल बृजमोहन राणा तथा फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञ उपनिरीक्षक त्रिवेणी जोशी ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आत्महत्या सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के चलते कल इस जिले के सभी स्कूल रहेंगे बंद, आदेश जारी
उत्तराखंड वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 19 IFS अधिकारियों के तबादले; कई अहम जिम्मेदारियां बदलीं
आज का राशिफल (06 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!