“कृष्णा स्टोन इंडस्ट्रीज़ और गोला स्टोन इंडस्ट्रीज़ ने हरेला पर्व पर किया वृहद पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया सशक्त संदेश”

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं (हल्दूचौड़)। उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक परंपरा एवं प्रकृति संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर कृष्णा स्टोन इंडस्ट्रीज़ एवं गोला स्टोन इंडस्ट्रीज़ द्वारा हल्दूचौड़ क्षेत्र में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया।
जनसहभागिता के साथ हजारों पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर दोनों स्टोन उद्योगों के प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर छायादार, चौड़ी पत्ती वाले, फलदार एवं पुष्पीय प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम में सभी ने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए।

कार्यक्रम में भुवन शर्मा, आशीष केसरवानी, आकाश अग्रहरी, सौरभ अग्रहरी, भैरव शर्मा सहित कृष्णा स्टोन इंडस्ट्रीज़ एवं गोला स्टोन इंडस्ट्रीज़ के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने हरेला पर्व को केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन बताते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण और उनकी नियमित देखरेख का संकल्प लिया।

निदेशक भुवन शर्मा ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए प्रत्येक पौधे का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समयबद्ध तरीके से पौधारोपण लक्ष्यों को पूरा करने तथा रोपे गए पौधों की नियमित निगरानी और देखभाल पर विशेष जोर दिया, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में प्रभावी योगदान दे सकें।

हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित इस अभियान ने क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत किया। इस अवसर पर प्रकृति संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व निभाने का संदेश दिया गया।