लालकुआं: 84 करोड़ के अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का निरीक्षण, डेयरी निदेशक ने दिए गुणवत्ता और समय पर निर्माण के निर्देश

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। उत्तराखंड डेयरी विकास विभाग के निदेशक ईलागिरी ने गुरुवार को नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का निरीक्षण कर दुग्ध उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण और निर्माणाधीन अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निदेशक ने दुग्धशाला का विस्तृत भ्रमण करते हुए दूध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता जांच, स्वच्छता, पैकेजिंग और विपणन व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें दुग्ध उत्पादन, सहकारी व्यवस्था और दुग्ध उत्पादक किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी।

निदेशक ईलागिरी ने दुग्धशाला में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों और गुणवत्ता मानकों की सराहना करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने तैयार उत्पादों के भंडारण, वितरण व्यवस्था और उत्पादन क्षमता की भी समीक्षा की।

इसके बाद उन्होंने करीब 84 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि प्लांट के शुरू होने के बाद दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे दुग्ध उत्पादक किसानों को बेहतर विपणन सुविधा और उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले डेयरी उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।

निरीक्षण के अंत में निदेशक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द किसानों और उपभोक्ताओं तक पहुंच सके।

इस अवसर पर नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी अभियंत्रण राजू दुम्का, प्रभारी गुणवत्ता नियंत्रण आर.सी. आर्या, प्रभारी स्टोर खलील अहमद, प्रभारी यातायात पूरन चंद्र मिश्रा, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, दिनेश कुलौरा, विपिन तिवारी, कमल गरवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad