नैनीताल राजभवन के 125 वर्ष पूरे, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया वर्चुअल टूर का शुभारंभ — अब घर बैठे करें ‘राजभवन’ का डिजिटल भ्रमण

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल। उत्तराखंड के ऐतिहासिक राजभवन नैनीताल के 125 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सोमवार को आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने राजभवन नैनीताल के वर्चुअल टूर का लोकार्पण किया, जिसके माध्यम से आम लोग अब घर बैठे राजभवन के स्थापत्य सौंदर्य, प्राकृतिक आकर्षण और ऐतिहासिक धरोहर का डिजिटल अनुभव ले सकेंगे। यह वर्चुअल टूर राजभवन की वेबसाइट governoruk.gov.in पर उपलब्ध रहेगा।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि जैसे राष्ट्रपति भवन भारत गणराज्य का प्रतीक है, उसी तरह राजभवन राज्यों में लोकतांत्रिक व्यवस्था का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद से राजभवन नैनीताल राज्य की प्रगति और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा बन गया है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि राज्यपाल के कार्यालय से जुड़े सभी सदस्यों को सरलता, विनम्रता, नैतिकता और संवेदनशीलता जैसे गुणों का पालन करना चाहिए, क्योंकि जनता राजभवन को एक सम्मानित स्थान के रूप में देखती है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड निरंतर विकास और समृद्धि के मार्ग पर अग्रसर है, और उन्हें विश्वास है कि राज्यपाल गुरमीत सिंह और उनकी टीम जनता को प्रेरित करती रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  करोड़ों के फर्जीवाड़े में सख्ती: चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी पर शिकंजा, लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने राष्ट्रपति का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षण उत्तराखंड के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राजभवन नैनीताल का 3-डी वर्चुअल टूर “डिजिटल इंडिया” के उस विजन का हिस्सा है, जो तकनीक को संस्कृति और विरासत संरक्षण का सशक्त माध्यम बना रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा

कार्यक्रम के दौरान राजभवन नैनीताल पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें इस ऐतिहासिक भवन की स्थापत्य कला, प्राकृतिक सौंदर्य और गौरवशाली इतिहास को दर्शाया गया। इसके अलावा उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिन्होंने अतिथियों को राज्य की लोक परंपराओं और नृत्य की झलक से रूबरू कराया।

यह भी पढ़ें 👉  आज का राशिफल (08 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!

कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी. नरेन्द्र, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, महाधिवक्ता एस. एन. बाबुलकर, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।