नैनीताल: जिले में कल स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, भारी बारिश के रेड अलर्ट के बाद DM ने जारी किया आदेश

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल। जिले में भारी से बहुत भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर लागू होगा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 25 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने नदी, नाले और गधेरों में तेज जलप्रवाह के साथ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका जताई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश का निर्णय लिया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 26 सितंबर को विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, CEO ने जिलाधिकारियों को दिए अहम निर्देश; अगले माह आ सकता है आयोग

इन स्कूलों पर लागू नहीं होगा आदेश
यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad