बिंदुखत्ता: राजस्व ग्राम की अधिसूचना कब? 20वें दिन भी जारी रही पदयात्रा, CM को भेजा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें 👉

बिंदुखत्ता, 3 सितंबर। बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग को लेकर वन अधिकार संगठन एवं पूर्व सैनिक संगठन के तत्वावधान में 15 अगस्त से शुरू हुई घर-घर पदयात्रा गुरुवार को 20वें दिन शिवपुरी नंबर-6 पहुंची। पदयात्रा में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों से 27 सितंबर को प्रस्तावित विशाल जनसभा और रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई।

आयोजकों ने पदयात्रा में शामिल नहीं हो पा रहे लोगों से सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान को समर्थन देने की अपील की।

14 टोंगिया ग्रामों का मुद्दा उठाया
वन अधिकार संगठन के नंदन बोरा ने कहा कि उत्तराखंड शासन ने वर्ष 2022 में बिंदुखत्ता समेत 14 टोंगिया ग्रामों को राजस्व ग्राम का दर्जा देने की प्रक्रिया वन अधिकार कानून के तहत पूरी करने का निर्णय लिया था। इसके लिए समाज कल्याण विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया था।

उन्होंने दावा किया कि इन 14 ग्रामों में से छह ग्रामों—नैनीताल के रामपुर, लेटी और चोपड़ा तथा हरिद्वार के कमला नगर, पुरुषोत्तमनगर और हरिपुर—को राजस्व ग्राम घोषित किया जा चुका है।

बिंदुखत्ता के साथ दोहरे व्यवहार का आरोप
नंदन बोरा ने आरोप लगाया कि अन्य गांवों की तरह बिंदुखत्ता में भी वन अधिकार कानून के तहत प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अधिसूचना जारी नहीं की जा रही है। इसके बजाय अब वन भूमि अनारक्षण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की बात कही जा रही है।

उन्होंने इसे बिंदुखत्तावासियों के साथ दोहरे व्यवहार का मामला बताते हुए जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के पत्रों और निर्देशों पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: 101 युवाओं का सरकारी नौकरी का सपना हुआ साकार, सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

SDM के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
पदयात्रा के बाद वन अधिकार संगठन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी लालकुआं के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के पत्रों एवं निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करते हुए बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी करने की मांग की गई।

आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा। 27 सितंबर की प्रस्तावित विशाल रैली को लेकर भी क्षेत्र में जनसंपर्क तेज किया जा रहा है।

आज की पदयात्रा में उमेश भट्ट, अर्जुन नाथ गोस्वामी, रमेश गोस्वामी, दौलत सिंह कोरंगा, एडवोकेट बलवन्त बिष्ट, करम सिंह कोरंगा, संध्या डालाकोटी, ममता बिष्ट, राजू राणा, चंचल सिंह, त्रिलोक सुयाल, कुन्दन सिंह, गंगा सिंह, गोविंद गिरी, गोपाल जोशी, भुपेश जोशी, प्रकाश उत्तराखंडी, दीपक रौतेला, बलवन्त परिहार, मनोज कोरंगा, जेसी उप्रेती, कैलाश चन्द्र, खड़क बाफिल, प्रेम तिवारी, रविन्दर प्रसाद, किरन तिवारी, मोहनी मेहता, नीलम मेहता, भगवती देवी, गीता दानू, जानकी देवी, हीरा देवी और राजकुमारी समेत अनेक लोग शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad