बिंदुखत्ता: भक्ति, आस्था और उल्लास के साथ शुरू हुआ श्रीमद देवी भागवत महाज्ञान यज्ञ, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
लालकुआं/बिंदुखत्ता– इंद्रानगर द्वितीय स्थित श्री बिंदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार को श्रीमद देवी भागवत महाज्ञान यज्ञ का शुभारंभ पूरे विधि-विधान और भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला। प्रातःकाल गणेश पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा में सिर पर कलश धारण किए सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक परिधानों में शामिल हुईं, जबकि पुरुष श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा के साथ चले। यह यात्रा विभिन्न गांवों और मुख्य मार्गों से होकर लगभग पांच किलोमीटर की दूरी तय करते हुए मंदिर प्रांगण में पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा की गई और भक्तों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। पूरे क्षेत्र में “जय माता दी” और देवी स्तुति के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।

कलश यात्रा के मंदिर परिसर में पहुंचने पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके पश्चात श्रीमद देवी भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा व्यास पंडित मनोज कृष्ण जोशी ने प्रथम दिन के प्रवचन में देवी शक्ति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देवी ही सृष्टि की आधारशिला हैं और उन्हीं की कृपा से संसार का संचालन होता है। उन्होंने कहा कि देवी भागवत कथा का श्रवण करने से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और मानसिक व आत्मिक शांति प्राप्त होती है।

कथा व्यास ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रद्धा, विश्वास और भक्ति भाव से की गई आराधना से देवी अपने भक्तों के सभी कष्ट हर लेती हैं। देवी का स्मरण करने मात्र से पापों का नाश होता है और जीवन में सुख, समृद्धि और शांति का वास होता है। उनके भावपूर्ण प्रवचन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और कथा स्थल पर देर तक भक्तिमय वातावरण बना रहा।
आयोजकों के अनुसार श्रीमद देवी भागवत महाज्ञान यज्ञ का आयोजन आगामी 14 फरवरी तक किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन कथा प्रवचन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। क्षेत्रवासियों में इस धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान गोकुलानंद उपाध्याय, समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू सहित अनेक सामाजिक और धार्मिक लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में चंद्रशेखर कर्नाटक, चेतन पांडे, बीना जोशी, नंदन ऐरी, मनोज बसनायत, शिवराज बिष्ट, रणजीत मेहरा, किसन, विपिन, सूर सिंह, पूरन नगरकोटी, कैलाश जोशी, सीमा रावत, बबीता बसनायत, सरिता गंगोला, देवकी गोस्वामी, माया उपाध्याय, पुष्पा भंडारी, गीता दानू, ईश्वर काला, धीरज कुंवर सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं का सहयोग रहा।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर देवी भागवत कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।


खौड़ बालिका विद्यालय में वार्षिकोत्सव और विदाई समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन
आज का राशिफल (07 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड-नेपाल बॉर्डर पर बड़ा हादसाः बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 गंभीर घायल
उत्तराखंड: यमकेश्वर पहुंचे सीएम योगी,…धामी संग शिव मंदिर में की पूजा, इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण