लालकुआं: पड़ोसियों के विवाद ने लिया बड़ा रूप, ग्राम प्रधान गिरफ्तार; वायरल वीडियो के बाद पुलिस एक्शन

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। नैनीताल जिले के मोटाहल्दू क्षेत्र के पदमपुर देवलिया गांव में पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़ा मामला बन गया। कार खड़ी करने को लेकर हुए झगड़े में मारपीट और आरोप-प्रत्यारोप के बाद पुलिस ने ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, गांव के ग्राम प्रधान रमेश चंद्र जोशी और सामने रहने वाले पूर्व सैनिक के परिवार के बीच घर के बाहर खड़ी गाड़ी को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष पुलिस और अस्पताल पहुंचे।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ गया। पड़ोसी महिला की शिकायत पर पुलिस ने ग्राम प्रधान और उनके परिजनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया।

इस बीच ग्राम प्रधान के समर्थन में संगठन भी सक्रिय हो गया और हल्द्वानी में प्रदर्शन कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए गए। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, महिला की तहरीर में मारपीट और छेड़छाड़ जैसे आरोप लगाए गए हैं। वहीं ग्राम प्रधान की ओर से भी शिकायत दी गई है, जिस पर जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।